चम्पावत , मई 31 -- उत्तराखंड के चम्पावत के ग्राम गढ़कोट में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक गौशाला पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और एक बछिया की जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजस्व एवं पशुपालन विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर क्षति का आकलन शुरू कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पट्टी क्षेत्र के तोक डाबरी के ग्राम गढ़कोट निवासी डूंगर देव की गौशाला पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरने से गौशाला की छत पर रखी सूखी घास में आग लग गई, जिससे आग तेजी से फैल गई। हादसे में गाय की एक बछिया झुलसकर मर गई। आग से गौशाला भी पूरी तरह नष्ट हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर राजस्व और पशुपालन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का जायजा लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित