चंपावत , मई 22 -- उत्तराखंड के चंपावत जिले में किसानों को पेट्रोल और डीजल आसानी से मिलेगा। जिला प्रशासन की ओर से कृषकों के लिए पेट्रोल और डीजल में आ रही सभी बाधाओं को दूर कर दिया है और सरल एवं पारदर्शी व्यवस्था लागू कर दी गई है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शुक्रवार को बताया कि नई व्यवस्था के तहत जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर कृषकों के लिए विशेष सुविधा सुनिश्चित की गई है। किसान अपने संबंधित न्याय पंचायत प्रभारी (कृषि) से प्रमाणित मांग पत्र प्राप्त कर पेट्रोल पंपों से ईंधन ले सकेंगे। इससे वास्तविक किसानों को प्राथमिकता के आधार पर पेट्रोल और डीजल उपलब्ध होगा, जबकि किसानों के नाम पर अनधिकृत रूप से ईंधन लेने वालों पर भी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।
प्रशासन के अनुसार संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्राप्त मांग पत्रों को कार्यालय अभिलेख के रूप में सुरक्षित रखें। जिला पूर्ति अधिकारी ने किसानों से व्यवस्था में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य वास्तविक कृषकों को समय पर और सुगमता से ईंधन उपलब्ध कराना है, ताकि खेती-किसानी के कार्य प्रभावित न हों। जिलाधिकारी ने सभी न्याय पंचायत प्रभारी (कृषि) को निर्देश दिए हैं कि मांग पत्र अग्रसारित करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने किसानों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। कहा है कि यदि किसी किसान को मांग पत्र प्राप्त करने या ईंधन उपलब्धता में समस्या आती है तो वे जिला आपदा परिचालन केंद्र चम्पावत के टोल फ्री नंबर 05965-230819, 05965-230703, 1077, 7895318895, 7579060090 और 9528135726 पर संपर्क कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित