चम्पावत , अक्टूबर 16 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में चम्पावत जनपद के सात दूरस्थ विद्यालयों को इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत कर दिया गया है।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फुंगर में शुक्रवार को इसका विधिवत शुभारंभ हुआ। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि सभी सातों विद्यालयों में आज से ही पठन-पाठन शुरू कर दिया गया है और इसी शैक्षिक सत्र से विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलने लगा है। विद्यालयों के लिए आवश्यक पदों की स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि अवस्थापना सुविधाओं का चरणबद्ध ढंग से विस्तार किया जाएगा। फुंगर में शुभारंभ के मौके पर 19 विद्यार्थियों का प्रवेश भी कराया गया।
उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई अपने क्षेत्र में ही करने की सुविधा मिलेगी।
मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह ने बताया कि चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सल्ली, फुंगर और प्लसों तथा लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के डूंगरालेटी, डूंगराबोरा, पासम और कफड़ा विद्यालय उच्चीकृत किए गए हैं। इनके उच्चीकरण से विद्यार्थियों को कक्षा 12 तक की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
जिलाधिकारी ने क्षेत्रवासियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 'आदर्श चम्पावत' के संकल्प के अनुरूप जिले में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, नवाचार को प्रोत्साहन देने और आधुनिक शैक्षिक सुविधाओं के विस्तार पर ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक बी.सी. जोशी, नामित सभासद गौरव पाण्डेय, ग्राम प्रधान तुलसी देवी, प्रधानाचार्य निर्मल पाण्डेय और सुनील पाण्डेय सहित शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित