चम्पावत , मई 13 -- उत्तराखंड के चंपावत स्थित मां पूर्णागिरि मेले में श्रद्धालुओं के मोबाइल चोरी करने वाले एक आरोपी को टनकपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चार मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

चंपावत पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश, पीलीभीत निवासी नरेश पाल और उनके साथियों ने 13 मई को थाना टनकपुर पहुंचकर शिकायत दी कि वे माँ पूर्णागिरि मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। दर्शन के दौरान अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल फोन चोरी कर लिए।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के निर्देश पर टनकपुर पुलिस सक्रिय हो गई। क्षेत्राधिकारी टनकपुर विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक चेतन सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुरागरसी और सूचना संकलन के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दो मोबाइल फोन और दो अन्य संदिग्ध मोबाइल फोन बरामद किए। आरोपी की पहचान हितेश कुमार (41) निवासी ग्राम पिपरिया, थाना फतेहगंज पश्चिमी, बरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली टनकपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। चम्पावत पुलिस ने कहा है कि माँ पूर्णागिरि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सतर्कता बरती जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित