कोंडागांव , सितंबर 14 -- उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन सुरंग में पानी भरने से हुए हादसे में कोंडागांव जिले के मृत और घायल श्रमिकों के परिवारों को छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड सरकार की ओर से कुल 28 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।

बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने सोमवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में प्रभावित परिवारों को सहायता राशि प्रदान की।

जिला प्रशासन के अनुसार हादसे में जिले के तीन श्रमिकों की मौत हुई थी जिनके परिजनों को नौ-नौ लाख रुपये के हिसाब से कुल 27 लाख रुपये दिए गए। वहीं दो घायल श्रमिकों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी गई। कुल 28 लाख रुपये की सहायता राशि में मुख्यमंत्री सहायता कोष से 16 लाख और उत्तराखंड सरकार से प्राप्त 12 लाख रुपये शामिल हैं।

इस अवसर पर विधायक उसेंडी ने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेकर स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर अपनाने की अपील की।

कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि चमोली हादसे से प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहयोग और सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, अपर कलेक्टर एवं कोंडागांव एसडीएम अजय उरांव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा सहित प्रशासन और श्रम विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित