जालौन , मार्च 8 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले की कालपी तहसील के ग्राम चमारी में रविवार को शिक्षा और ज्ञान को बढ़ावा देने की दिशा में 'माता प्रसाद पुस्तकालय' का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लेकर इस पहल को ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, कवि एवं वक्ता कुमार विश्वास, फिल्म अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे, कॉमेडियन जाकिर खान तथा शिक्षाविद् विकास दिव्याकृति सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कैलाश सत्यार्थी ने कहा कि यह पुस्तकालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि ज्ञान की ऐसी चिंगारी है जो पूरे बुंदेलखंड में परिवर्तन की शुरुआत कर सकती है। उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र में ऐसे सौ पुस्तकालय स्थापित हो जाएं तो यह एक बड़ा जन आंदोलन बन सकता है।

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि गांवों में पुस्तकालयों की स्थापना से ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे और युवाओं में नई चेतना का संचार होगा।

कुमार विश्वास ने कहा कि पुस्तकें केवल जानकारी ही नहीं देतीं, बल्कि कल्पना, चेतना और विचारों की दुनिया का निर्माण करती हैं। सोनाली बेंद्रे ने भी पुस्तकालय को ज्ञान का सशक्त माध्यम बताते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।

कार्यक्रम में हरिवंश नारायण सिंह ने कहा कि एक युवा पत्रकार द्वारा गांव में पुस्तकालय की स्थापना समाज के लिए प्रेरक उदाहरण है। वहीं जाकिर खान ने पुस्तकालय के उद्घाटन में आमंत्रित किए जाने को गर्व की बात बताया।

कार्यक्रम का आयोजन पत्रकार सौरभ द्विवेदी और उनके सहयोगियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भी उपस्थिति रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित