बैतूल , मई 14 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई स्थित कृषि उपज मंडी समिति के चना खरीदी केंद्र में अनियमितता पाए जाने के बाद प्रशासन ने केंद्र प्रभारी एवं समिति प्रबंधक देवीदास नरवरे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार किसानों की शिकायत पर की गई जांच में निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा में चना तौले जाने की पुष्टि हुई। किसानों ने आरोप लगाया था कि खरीदी केंद्र पर प्रत्येक बोरी में शासन द्वारा तय मानक से अधिक चना तौला जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा था।

कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देश पर गठित संयुक्त जांच दल ने बुधवार को खरीदी केंद्र पहुंचकर अभिलेखों की जांच की तथा मौके पर रखी चने की बोरियों का वजन कराया। जांच में पाया गया कि शासन द्वारा प्रति बोरी निर्धारित 50 किलो 530 ग्राम की सीमा से लगभग 300 ग्राम अधिक चना तौला जा रहा था।

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजीव कहार के मार्गदर्शन में गठित जांच दल में तहसीलदार संजय बरैया, उपायुक्त सहकारिता के.के. शिव, सहायक संचालक कृषि सुरेंद्र पराते तथा जिला विपणन अधिकारी प्रदीप ग्रेवाल शामिल थे।

शिकायत सही पाए जाने पर पंचनामा तैयार कर रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी गई, जिसके आधार पर समिति प्रबंधक देवीदास नरवरे को निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय संस्था कार्यालय निर्धारित किया गया है।

प्रशासन ने खरीदी कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए विक्रेता एवं प्रभारी सहायक प्रबंधक हरीराम बोरबन को केंद्र का नया प्रभारी नियुक्त किया है। जिला प्रशासन ने कहा है कि समर्थन मूल्य पर उपार्जन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा किसानों के हितों की रक्षा के लिए खरीदी प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित