मोहाली , अगस्त 05 -- पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने मोहाली जिले के चनालों स्थित एक औद्योगिक इकाई पर अचानक छापेमारी कर करीब 250 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग जब्त किए। कार्रवाई पर्यावरण इंजीनियर कंवलदीप कौर की अगुवाई में एम/एस जैन पॉलीपैक्स फोकल प्वाइंट चनालों में की गई।
जांच के दौरान फैक्ट्री में बहुरंगी प्लास्टिक कैरी बैग का निर्माण होता पाया गया। मौके पर नगर परिषद की टीम को बुलाकर जब्त सामग्री आगे की कार्रवाई के लिए उनके हवाले कर दी गई। संबंधित इकाई के खिलाफ प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2016 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बोर्ड ने बताया कि पंजाब में 120 माइक्रोन से कम मोटाई वाले प्लास्टिक कैरी बैग के निर्माण भंडारण बिक्री, वितरण और उपयोग पर प्रतिबंध है। वहीं रीसाइकिल प्लास्टिक से बने कैरी बैगों के निर्माण और उपयोग पर भी पूर्ण रोक लागू है।
पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक और नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक कैरी बैग का उपयोग छोड़कर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित