रांची , अक्टूबर 11 -- झारखंड के चतरा जिले में लावालौंग पुलिस ने अवैध अफीम की तस्करी के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने हेडुम गांव में छापेमारी कर 2.5 किलो अफीम, चार लाख रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, अफीम की खेप पंजाब ले जाने की तैयारी थी। छापेमारी के दौरान एक आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस सूत्रों आज यहां बताया कि, 10 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि हेडुम गांव के मुनेश्वर कुमार यादव और दिनेश कुमार यादव अफीम की खरीद-बिक्री में शामिल हैं। यह भी जानकारी मिली थी कि अफीम की खेप पंजाब भेजने की तैयारी की जा रही है। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।

टीम में एसआई वाजिद अली, थाना के सशस्त्र बल और स्थानीय चौकीदार शामिल थे। पुलिस टीम ने हेडुम गांव में हरदेव यादव के घर पर छापेमारी की। इस दौरान चार लोगों को पकड़ा गया, जबकि एक आरोपी मौके से भागने में सफल रहा।

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी मुनेश्वर कुमार यादव के पास से 2.5 किलो अफीम और चार लाख रुपये नकद बरामद किए गए। तलाशी के दौरान एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और तीन मोबाइल फोन भी मिले। मामले में लावालौंग थाना कांड संख्या 74/26 दर्ज किया गया है। 11 अक्टूबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(सी), 18(बी) और 27(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय मुनेश्वर कुमार यादव, 19 वर्षीय कमलेश कुमार यादव और 19 वर्षीय पंकज कुमार, तीनों निवासी हेडुम गांव, तथा 19 वर्षीय राकेश कुमार यादव, निवासी गरहे टोला गेरुआडीह, थाना लावालौंग के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, मुनेश्वर कुमार यादव का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह हरियाणा के करनाल स्थित सिविल लाइन थाना कांड संख्या 47/25 में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। यह मामला 26 नवंबर 2025 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 18, 27ए और 29 के तहत दर्ज किया गया था।

पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों को आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले में अफीम की खरीद-बिक्री और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित