रांची , मई 13 -- झारखंड के चतरा जिले के चतरा-हजारीबाग मार्ग स्थित संघरी घाटी में दो ट्रकों की पीछे से हुई जोरदार टक्कर में चालक और खलासी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की पहचान बिहार के बक्सर जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र के कुशलपुर गांव निवासी चालक बैजू कुमार तथा पौनी गांव निवासी खलासी सचिन कुमार के रूप में हुई है।
हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि दोनों ट्रक पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से लोहा लादकर बिहार के बक्सर और उत्तर प्रदेश के बलिया की ओर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि संघरी घाटी से नीचे उतरने के दौरान पीछे चल रहे ट्रक का अचानक ब्रेक फेल हो गया। इसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से पीछे से जा टकराया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आगे वाला ट्रक सड़क पर पलट गया, जबकि पीछे वाले ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक और खलासी केबिन में बुरी तरह फंस गए और उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने के बाद सदर थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद से घंटों मशक्कत कर केबिन में फंसे शवों को बाहर निकाला।
सदर थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है।दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कर दिया गया है।
मृतक चालक के भाई विमलेश यादव ने बताया कि दोनों दुर्गापुर से आयरन लोड कर बलिया जा रहे थे। इधर, संघरी घाटी में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने प्रशासन के सड़क सुरक्षा दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे के बाद मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित