हरिद्वार , अप्रैल 08 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के थाना श्यामपुर क्षेत्र में पिछले दिनों सड़क दुर्घटना के बाद उपजे आक्रोश के बीच पुलिस कर्मियों से अभद्रता, राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और यातायात बाधित करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि एक अप्रैल को चौकी चण्डीघाट क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में व्यक्ति की मौत के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया था। इस दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और चौकी परिसर में तोड़फोड़ कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। घटना के चलते यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित रही, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना के संबंध में कोतवाली श्यामपुर में मामला दर्ज किया गया, जिसमें 10 नामजद और 50-60 अज्ञात व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना श्यामपुर पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है । पुलिस के अनुसार अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं।
एसएसपी ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित