नयी दिल्ली , सितंबर 26 -- कांग्रेस ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से चुप्पी तोड़ने और उच्चतम न्यायालय की निगरानी में मामले की जांच कराने की मांग की है।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि आरोप पत्र में सामने आए तथ्यों ने एसआईटी की जांच और सरकारी लीपापोती पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि चार जून को 2.25 लाख रुपये की रकम बाथरूम में मिलने का वीडियो चंपत राय को भेजा गया और पांच जून को उन्हें सीसीटीवी फुटेज भी दिखाया गया इसके बावजूद प्राथमिकी 25 जून को दर्ज हुई।
श्री रमेश ने सवाल किया कि सीसीटीवी, बरामदगी और संदिग्ध कर्मचारियों की पहचान सामने आने के बाद भी आपराधिक कार्रवाई में 21 दिन की देरी क्यों हुई। उन्होंने कहा कि चार्जशीट के अनुसार चढ़ावे की रकम हटाने की 105 घटनाएं सामने आईं और एक आरोपी 85 बार रकम हटाता दिखा, फिर भी जांच आठ आरोपियों तक ही क्यों सीमित रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित