विजयवाड़ा , अक्टूबर 28 -- आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर चक्रवात 'अर्नब' से राज्य में हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्रीय सहायता मांगी है।

पत्र में श्री नायडू ने चक्रवात की भीषणता के कारण फसलों, मकानों, सड़कों और बिजली के खंभों को पहुंचे नुकसान का उल्लेख किया और केंद्र से जल्द से जल्द मूल्यांकन टीम भेजने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि राहत और बचाव कार्यों के लिए 14 जिलों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की 16 और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की 11 टीमों को तैनात किया गया है। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों से 28,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों और पुनर्वासन केंद्रों में स्थानांतरित किया गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा समय रहते किए गए एहतियाती उपायों के कारण अब तक किसी भी जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि कोनसीमा, काकीनाडा, पूर्वी गोदावरी, पश्चिम गोदावरी, अनाकापल्ली और कृष्णा जिले चक्रवात से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं।

आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए नियंत्रण कक्ष और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों के साथ-साथ बिजली और पेयजल आपूर्ति को बहाल करने को प्राथमिकता दे रही है।

पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि विस्तृत मूल्यांकन के बाद केंद्र सरकार को चक्रवात से हुए नुकसान की एक व्यापक रिपोर्ट सौंपी जाएगी। उन्होंने राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए एनडीआरएफ और अन्य केंद्रीय एजेंसियों का सहयोग जारी रखने की अपील की। श्री नायडू ने नुकसान का जायजा लेने के लिए केंद्रीय टीम तुरंत भेजने का अनुरोध करते हुए राज्य को निरंतर सहयोग देने के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित