नयी दिल्ली , अक्टूबर 27 -- चक्रवात 'अर्नब' के मद्देनजर एहतियात के तौर पर विशाखापत्तनम, विजयवाड़ा, राजमुंद्री से जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।

विशाखापत्तनम हवाई अड्डे पर मंगलवार दोपहर से ही परिचालन रोक दिया गया है। विजयवाड़ा और राजमुंदरी में शाम सात बजे के बाद सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। बुधवार को दिल्ली-भोगापुरम-दिल्ली सेवा रद्द रहेगी।

एयर इंडिया कि दिल्ली-विशाखापत्तनम-दिल्ली (27 अक्टूबर) और दिल्ली-विजयवाड़ा-दिल्ली (28 अक्टूबर) रूट पर कुल छह उड़ानें रद्द की गई हैं।

एयर इंडिया एक्सप्रेस की 13 उड़ानें रद्द की गई हैं। इनमें मुख्य रूप से विशाखापत्तनम से हैदराबाद, बेंगलुरु और विजयवाड़ा के बीच की उड़ानें तथा वाराणसी-बैंकॉक और बैंकॉक-विशाखापत्तनम की उड़ानें शामिल हैं।

इंडिगो ने विशाखापत्तनम को आने-जाने वाली सभी उड़ानें रोक दी हैं। विजयवाड़ा और राजमुंदरी में 27 अक्टूबर को शाम सात बजे के बाद की सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।

अकासा एयर ने 28 अक्टूबर को दिल्ली-भोगापुरम और वापसी की उड़ानें रद्द करने की घोषणा की है।

अलायंस एयर की तरफ से अब तक कोई उड़ान रद्द नहीं की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित