रायपुर , अक्टूबर 30 -- छत्तीसगढ़ में चक्रवात 'अर्नब' के प्रभाव से लगातार हो रही बारिश के कारण किसानों की फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर प्रभावित किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, फसल क्षति का सर्वेक्षण कराने और कृषि ऋण माफ करने की मांग की है।
यह जानकारी आज मीडिया को दी गई। कांग्रेस विधायक श्री यादव ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि प्रदेश में चक्रवात के चलते अचानक हुई अत्यधिक बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में धान सहित अन्य फसलें कटाई के लिए तैयार थीं, लेकिन लगातार बारिश और खेतों में जलभराव के कारण फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकांश किसानों की आजीविका कृषि पर निर्भर है। ऐसे में तैयार फसल के खराब होने से न केवल उनकी आय प्रभावित हुई है, बल्कि आगामी कृषि कार्यों और परिवार के भरण-पोषण को लेकर भी गंभीर चुनौतियां उत्पन्न हो गई हैं।
कांग्रेस विधायक ने राज्य सरकार से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में संबंधित अधिकारियों के माध्यम से तत्काल विस्तृत सर्वेक्षण कराया जाए। सर्वेक्षण के आधार पर फसलों को हुए वास्तविक नुकसान का आकलन कर किसानों को शीघ्र उचित मुआवजा दिया जाए। इसके साथ ही उन्होंने आर्थिक संकट से जूझ रहे किसानों के कृषि ऋणों को तत्काल माफ करने की घोषणा करने का आग्रह किया है।
इस बीच विधायक श्री यादव ने गुरुवार को मुंगेली प्रवास के दौरान खेतों में पहुंचकर किसानों से बातचीत की। वह 'रोड बचाओ देश बचाओ' कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुंगेली गए थे। इस दौरान रास्ते में खेत पर रुककर उन्होंने किसानों से बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान की जानकारी ली।
किसानों ने विधायक को बताया कि लगातार बारिश से उनकी तैयार फसलें प्रभावित हुई हैं और उन्हें भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। किसानों की समस्याएं सुनने के बाद श्री यादव ने राज्य सरकार से प्रभावित किसानों को जल्द राहत प्रदान करने की मांग दोहराई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित