काकीनाडा , अक्टूबर 26 -- आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले के कलेक्टर एम.एन. हरेंद्र प्रसाद ने सोमवार को कहा कि संभावित चक्रवात के मद्देनजर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और चक्रवात की आशंका वाले 11 मंडलों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
श्री प्रसाद ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि तटीय क्षेत्र के छह मंडलों के अलावा पांच अन्य मंडलों को भी चक्रवात की आशंका वाले क्षेत्रों के रूप में चिह्नित किया गया है। उन्होंने कहा कि तटीय गांवों और बस्तियों में रहने वाले करीब 89,000 लोगों को चक्रवात के क्षेत्र के पास तट से टकराने की आशंका के बारे में सतर्क कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि जिले में 101 चक्रवात आश्रय केंद्र चिह्नित किए गए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे 27 अक्टूबर की दोपहर से पहले संवेदनशील तटीय गांवों के लोगों को इन केंद्रों में पहुंचा दें। होप आइलैंड से 130 लोगों को विशेष नौकाओं की मदद से मत्स्य पालन और पुलिस विभागों के सहयोग से पहले ही सुरक्षित निकालकर तूरंगी स्थित द्वीप बस्ती में पहुंचाया जा चुका है। चक्रवात आश्रय केंद्रों में भोजन, पेयजल, बिजली, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।
कलेक्टर ने कहा कि जिले की 4,602 मछली पकड़ने वाली नौकाओं में से 4,559 बंदरगाहों और नौका उतारने वाले केंद्रों पर लौट चुकी हैं, जबकि शेष 43 नौकाओं को पारादीप बंदरगाह पर सुरक्षित लंगर डालकर रखा गया है। सरकारी सामान्य अस्पताल सहित सभी अस्पतालों को बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीण जलापूर्ति विभाग को भी पेयजल योजनाओं के लिए वैकल्पिक बिजली आपूर्ति की व्यवस्था करने को कहा गया है। तेज हवाओं के कारण बिजली के खंभे उखड़ने की स्थिति में आपूर्ति बहाल करने के लिए विशेष टीमें तैयार रखी गयी हैं।
उन्होंने बताया कि सड़क एवं भवन विभाग और पंचायती राज विभाग के अधिकारी तहसीलदारों के समन्वय से चक्रवात के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों को बहाल करने के लिए कदम उठायेंगे। इसके लिए जेसीबी मशीनों और पेड़ काटने वाले उपकरणों से लैस टीमें तैयार रखी गयी हैं।
अधिकारियों को पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार बनाए रखकर ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित