रायपुर , अगस्त 18 -- दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में पांचवीं रेल लाइन की कमीशनिंग के लिए प्रस्तावित नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य और ट्रैफिक ब्लॉक के कारण छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली 18 एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन 25 सितंबर से 14 अक्टूबर 2026 के बीच अलग-अलग तारीखों में रद्द रहेगा। इसके साथ ही उत्कल एक्सप्रेस को अलग-अलग तारीखों पर परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा, जबकि 13 अक्टूबर को गीतांजलि एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से दो घंटे देरी से रवाना होगी।

रेलवे प्रशासन से आज मिली जानकारी के अनुसार दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के अंतर्गत बंडामुंडा केबिन-ए से राउरकेला सेक्शन के बीच पांचवीं रेल लाइन की कमीशनिंग का कार्य किया जाना है। इस दौरान अलग-अलग चरणों में नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य के साथ ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इसका असर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर चलने वाली कई यात्री ट्रेनों के परिचालन पर पड़ेगा।

प्रभावित ट्रेनों में इतवारी-टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस, टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस, नांदेड़-सांतरागाछी एक्सप्रेस, हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस और हावड़ा-सीएसएमटी दुरंतो एक्सप्रेस समेत कुल 18 एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों को 25 सितंबर से 14 अक्टूबर 2026 की अवधि में निर्धारित अलग-अलग तारीखों पर रद्द किया जाएगा।

इसके अलावा उत्कल एक्सप्रेस को भी कार्य के दौरान अलग-अलग तारीखों पर उसके निर्धारित मार्ग के बजाय परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा। वहीं, ट्रेन संख्या 12860 हावड़ा-सीएसएमटी गीतांजलि एक्सप्रेस 13 अक्टूबर को हावड़ा से अपने निर्धारित समय से 2 घंटे देरी से रवाना होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित