भिण्ड , अक्टूबर 06 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के अटेर क्षेत्र के सालमपुर गांव में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब चंबल नदी से निकलकर करीब आठ किलोमीटर दूर पहुंचा मगरमच्छ एक घर के पास दिखाई दिया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़कर बिजली के पोल से बांध दिया।

ग्रामीणों के मुताबिक, सालमपुर निवासी कोमल शर्मा के घर के पास रात करीब तीन बजे मगरमच्छ पहुंचा था। रात में किसी को इसकी जानकारी नहीं हुई। सुबह ग्रामीणों ने मगरमच्छ को देखा तो गांव में हड़कंप मच गया। इसके बाद लोगों ने एकजुट होकर उसे घेर लिया और पकड़ लिया।

मगरमच्छ को काबू करने के बाद ग्रामीणों ने उसे मवेशी बांधने वाली रस्सी से बिजली के पोल से बांध दिया। इसके बाद उसे देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों का कहना है कि खुले में छोड़ने पर मगरमच्छ लोगों या मवेशियों के लिए खतरा बन सकता था, इसलिए मजबूरी में उसे बांधकर रखा गया।

ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। उनका कहना है कि सुबह रेंजर कृतिका शुक्ला को फोन किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क किया गया। विभाग की ओर से बताया गया कि मगरमच्छ का रेस्क्यू भिण्ड की टीम नहीं कर पाएगी, इसलिए मुरैना से दल बुलाया जाएगा। रेस्क्यू में देरी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। खबर लिखे जाने तक मगरमच्छ गांव में ही रस्सी से बंधा हुआ था और ग्रामीण रेस्क्यू टीम के पहुंचने का इंतजार कर रहे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित