चंपावत , मार्च 01 -- उत्तराखंड के चंपावत जिले के बाराकोट विकासखंड के पुनई गांव में रविवार को तेंदुआ ने दिनदहाड़े एक महिला पर हमला कर दिया। इस हमले में 52 वर्षीय तुलसी देवी घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल को 25,000 रुपये की अग्रिम मुआवजा राशि प्रदान की ताकि उपचार में किसी प्रकार की आर्थिक बाधा न आए।

उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार के अनुसार गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग की पांच टीमें तैनात कर दी गई हैं और सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि दो पिंजरे भी लगाए गए हैं। तेंदुए को ट्रैंक्विलाइज़ (बेहोश करने वाली) विशेषज्ञ टीम क्षेत्र में सक्रिय है। साथ ही गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर कैमरे स्थापित किए गए हैं।

वन विभाग द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें, बच्चों एवं पशुओं को अकेला न छोड़ें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल विभाग को दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित