चंपावत , सितंबर 07 -- उत्तराखंड के चंपावत में राष्ट्रीय राजमार्ग-309ए (एनएच-309ए) घाट-पनार रोड पर सोमवार को कार के ऊपर पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना आज दोपहर लगभग 12 बजे की है। पुलिस कंट्रोल रूम से जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सूचना मिली कि बाराकोट क्षेत्र में एक कार के ऊपर पत्थर गिर गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय वाहन गंगोलीहाट से पिथौरागढ़ जा रहा था। इस हादसे में कार सवार सभी पांच लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची राज्य आपदा प्रबंधन बल (एसडीआरएफ) और पुलिस की टीम की ओर से दो गंभीर घायलों को उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट तथा तीन को जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ ले जाया गया, जहां एक घायल को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान ग्राम टिट्सा गंगोलीहाट, जिला पिथौरागढ़ निवासी संदीप कुमार (35) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में सुनील कुमार (23), सुभाष राम (40), मनोहर (45) तथा राहुल (32) शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित