चंपावत , सितंबर 05 -- उत्तराखंड के चंपावत में सत्र 2026-27 के अंतर्गत आगामी 01 अक्टूबर से धान खरीद की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
जिला प्रशासन ने इसके लिए सभी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार के अनुसार धान खरीद को सुगम, पारदर्शी और किसानों के अनुकूल बनाने के लिए 30 सितंबर तक सभी प्रशासनिक एवं तकनीकी तैयारियां पूर्ण की जा रही हैं।
जिला प्रशासन की ओर से क्रय केंद्रों की स्थापना, ई-खरीद पोर्टल पर पंजीकरण तथा अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से अंतिम रूप दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी श्री कुमार के अनुसार 10 सितंबर तक जिला प्रभारी अधिकारी (धान) की नियुक्ति के निर्देश दिए गए हैं तथा 15 सितंबर तक राजस्व विभाग के माध्यम से किसानवार व ग्रामवार सूचियां अपडेट की जाएंगी। इसके साथ ही 15 सितंबर तक धान क्रय केंद्रों का चयन व स्थापना पूरी करने और 20 सितंबर तक केंद्रों पर आवश्यक स्टाफ, कंप्यूटर, इंटरनेट, परिवहन ठेकेदारों की व्यवस्था तथा ई-खरीद मास्टर डेटा फीडिंग का कार्य हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीद प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर किसानों को असुविधा नहीं होने दी जाएगी और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित