चम्पावत , अप्रैल 24 -- त्तराखंड में चंपावत के लोहाघाट में शुक्रवार को जिला कराटे चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। चैंपियनशिप में जिले के विभिन्न विकासखंडों और दूरस्थ क्षेत्रों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता को सब-जूनियर, कैडेट, जूनियर और सीनियर वर्गों में विभाजित किया गया, जिससे हर आयु वर्ग के प्रतिभागियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण आधार भी है। उन्होंने कहा कि खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है, जो जीवन में सफलता के लिए जरूरी हैं।

उन्होंने कराटे जैसी मार्शल आर्ट्स विधाओं को आत्मरक्षा के साथ-साथ मानसिक मजबूती और त्वरित निर्णय क्षमता विकसित करने में उपयोगी बताया। जिलाधिकारी ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट, कराटे कोच दीपक सिंह अधिकारी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित