चंपावत , मई 29 -- उत्तराखंड में चंपावत जिले के प्रसिद्ध सिख तीर्थ गुरुद्वारा श्री रीठा साहिब में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक जोड़ मेला शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ प्रारंभ हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लधिया और रतिया नदियों के संगम पर स्थित इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल पर देश-विदेश से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गुरु घर में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। मेले के पहले दिन करीब 1500 श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा साहिब में दर्शन किए।
मेले का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, उपजिलाधिकारी पाटी नितेश डागर, कार सेवा प्रमुख बाबा बच्चन सिंह, बाबा सुरेंद्र सिंह तथा गुरुद्वारा प्रबंधक बाबा श्याम सिंह की उपस्थिति में किया गया।
इस मौके पर सीडीओ डॉ. जीएस खाती ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अस्थायी पार्किंग, नदी तट पर स्नान के लिए कच्चे पुल, लंगर एवं विश्राम स्थलों की व्यवस्था के साथ स्वास्थ्य शिविर भी लगाए गए हैं।
कार सेवा प्रमुख बाबा सुरेंद्र सिंह ने रीठा साहिब की महत्ता बताते हुए कहा कि यह वही पवित्र स्थल है जहां गुरु नानक देव जी ने योगियों के साथ सत्संग किया था और कड़वे रीठे को मीठा बनाकर मानवता को प्रेम, सेवा और सद्भाव का संदेश दिया था।
वहीं गुरुद्वारा प्रबंधक बाबा श्याम सिंह ने बताया कि मेले के तहत गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ का विधिवत शुभारंभ हो चुका है। शबद-कीर्तन और गुरुवाणी की मधुर ध्वनि से पूरा परिसर आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित