वाराणसी , जून 15 -- अयोध्या में चल रहे चढ़ावा चोरी के विवाद के बीच आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोमवार को भूमि खरीद में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

श्री सिंह ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दो करोड़ 92 लाख रुपये की जमीन को चंपत राय ने 24 करोड़ रुपये में खरीदा। यह जमीन संत मुरली दास जी से खरीदी गई थी, जो नजूल की जमीन है।

उन्होंने कहा, "यह बात मैं नहीं सत्यापित कर रहा हूँ, बल्कि योगी सरकार के अधिकारी, उप-जिलाधिकारी महोदय ने जुलाई 2024 में ही सत्यापित किया था कि ट्रस्ट ने जो जमीन खरीदी है, वह नजूल की जमीन है।"संजय सिंह ने आगे कहा, "नजूल की जमीन बिना फ्रीहोल्ड के न तो खरीदी जा सकती है और न ही बेची जा सकती है। दो करोड़ 92 लाख रुपये की जमीन को चंपत राय ने 24 करोड़ रुपये में खरीदा। भगवान का मामला था, थोड़ा कम लगाते। न छह करोड़, न नौ करोड़, बल्कि 800 प्रतिशत ज्यादा दाम पर जमीन खरीदी गई। इन लोगों ने कितना बड़ा पाप किया है, कहाँ जाएँगे ये।"उन्होंने आरोप लगाया कि जो एसआईटी बनी है, वह ईडी पार्टी के लोगों की ही है। चंपत राय भ्रष्टाचार कर रहे हैं। "जिन लोगों के पैरों में चप्पल नहीं थी, वे डेढ़-डेढ़, दो-दो करोड़ की जमीन खरीद रहे हैं। जिनके पास रहने को मकान नहीं था, उनके घरों में लिफ्ट लग गए हैं। यह ईडी पार्टी को दिखाई नहीं दे रहा है?"संजय सिंह ने कहा कि इस खरीद-फरोख्त में भारी वित्तीय अनियमितताओं की आशंका है। उन्होंने मांग की कि भूमि खरीद से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं और मामले की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित