रायबरेली , जुलाई 7 -- भीम आर्मी प्रमुख एवं नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने अयोध्या के राम मंदिर में दान अनियमितता के मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।

श्री आजाद मंगलवार को यहां सलोन विधानसभा क्षेत्र के खमरिया पूरे कुशल गांव में सड़क हादसे का शिकार मेवा लाल पासी के परिजनो से मिलने आये थे। 28 जून को खमरिया पूरे कुशल मोड़ पर तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से साइकिल सवार मेवा लाल पासी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव को रायबरेली-प्रतापगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर जाम लगा दिया था। इस दौरान पथराव की घटना भी हुई, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी और राहगीर घायल हुए थे। पुलिस ने मामले में नामजद एवं अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आरोपी उदयभान उर्फ रिंकू अंबेडकर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

इस बीच चंद्रशेखर आजाद और पीड़ित पक्ष के बीच बातचीत का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की भी चर्चा रही, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मंगलवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि शासन और प्रशासन इसलिए सक्रिय हुआ क्योंकि उनके दौरे की जानकारी पहले ही हो चुकी थी। उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर में कथित दान अनियमितता के मामले में सीबीआई जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यह करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा विषय है और इसकी जांच उच्चतम न्यायालय के किसी न्यायाधीश की निगरानी में कराई जानी चाहिए। उन्होंने इस मामले में गठित एसआईटी की जांच पर भी सवाल उठाए।

वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पूरी तैयारी के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। इस बीच सलोन के विधायक अशोक कोरी ने कहा कि इस दुखद घटना में प्राथमिकता पीड़ित परिवार के पुनर्वास, सरकारी सहायता उपलब्ध कराने और उनके भविष्य को सुरक्षित करने की होनी चाहिए, न कि मामले को राजनीतिक रंग देने की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित