देहरादून , मई 15 -- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद के अंतर्गत उच्च हिमाच्छादित पर्वत श्रृंखला पर स्थित सुप्रसिद्ध चंद्रशिला तुंगनाथ (ऊखिमठ) क्षेत्र से एक दुर्घटना की खबर सामने आ रही है। शुक्रवार दोपहर क्षेत्र में अचानक आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से दो व्यक्तियों के इसकी चपेट में आने की सूचना है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि दोपहर करीब 02:22 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष द्वारा आर.टी. सेट के माध्यम से इस घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। मौके के लिए आपदा प्रबंधन की रेस्क्यू टीमों, जिनमें एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को तुरंत अलर्ट कर घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
श्री रजवार ने बताया कि वज्रपात की चपेट में आए दोनों प्रभावित व्यक्तियों की वर्तमान स्थिति क्या है और वे कहाँ के रहने वाले हैं, इसके संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू टीमों के मौके पर पहुँचने के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित