वाराणसी , अगस्त 24 -- बाबा विश्वनाथ के 'बाबा चले ससुराल' आयोजन के तहत मंगलवार को बाबा विश्वनाथ अपने ससुराल सारंगनाथ में प्रतीकात्मक रूप से सपरिवार चंद्रमौलीश्वर स्वरूप में विराजमान होंगे। इस अवसर पर टेढ़ीनीम स्थित महंत आवास से बाबा विश्वनाथ की प्रतीकात्मक सपरिवार प्रतिमा पालकी में सारंगनाथ ले जायी जाएगी।
कार्यक्रम का आयोजन शिवांजलि (महंत आवास-टेढ़ीनीम), शिव बारात समिति (काशी) और सामूहिक रुद्राभिषेक पीठम (सारंगनाथ) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजकों ने बताया टेढ़ीनीम महंत आवास से बाबा विश्वनाथ का चंद्रमौलीश्वर स्वरूप ही प्रयागराज के महाकुंभ क्षेत्र में स्थापित होता आया है। यही स्वरूप महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रतिवर्ष महामृत्युंजय मंदिर से निकलने वाली शिव बारात में भी शामिल होता है।
कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को सायंकाल तीन बजे सारनाथ गंज क्षेत्र में चौखंडी स्तूप के समीप स्थित संकट मोचन मंदिर से बाबा विश्वनाथ की पालकी सारंगनाथ के लिए प्रस्थान करेगी। इसके बाद सायंकाल पांच बजे बाबा के ससुराल सारंगनाथ महादेव मंदिर में झूलनोत्सव का आयोजन होगा। झूलनोत्सव के पश्चात प्रदोष काल में 501 पार्थिव शिवलिंगों का अभिषेक प्रारंभ होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित