विजयवाड़ा , अप्रैल 27 -- आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस साल के अंत तक बिजली खरीद की लागत को और कम कर 4.60 रुपये प्रति यूनिट पर लाये जाने के लिए सोमवार को अधिकारियों को निर्देश दिए।
बिजली खपत, विद्युत उत्पादन, 'पीएम सूर्य घर' और 'पीएम कुसुम' योजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली क्षेत्र में हो रहे वैश्विक नवाचारों का अध्ययन किया जाना चाहिए और जहां प्रासंगिक हो, उन्हें अपनाया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बिजली उत्पादन को प्राथमिकता देने को कहा और निर्देश दिया कि 2028-29 तक राज्य के कुल बिजली उत्पादन का आधे से अधिक हिस्सा अक्षय ऊर्जा (रिन्यूएबल एनर्जी) स्रोतों से आना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 'पीएम सूर्य घर' योजना के तहत अब तक 52,396 सोलर रूफटॉप कनेक्शन दिए जा चुके हैं। उन्होंने इसके कार्यान्वयन में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि राज्य को हर महीने 2 लाख कनेक्शन देने का लक्ष्य रखना चाहिए। 'पीएम कुसुम' योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि अब तक 2.94 लाख कनेक्शन दिये गये हैं और अधिकारियों को इस योजना का पहला चरण दिसंबर के अंत तक पूरा करने को कहा।
उन्होंने पूरे राज्य में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने और इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद व उपयोग को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान शुरू करने के भी निर्देश दिए। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को सूचित किया कि गर्मियों के दौरान बिजली की दैनिक मांग 275 से 285 मिलियन यूनिट के बीच रहने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित