अमरावती , मई 10 -- आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कुप्पम ब्लॉक पंचायत को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कारों में तीसरा स्थान मिलने खुशी व्यक्त करते हुए कहा है कि विकास और समर्पण के मेल से ही ऐसे परिणाम संभव होते हैं।

श्री नायडू ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि यह बेहद गर्व की बात है कि कुप्पम ने 'नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास पुरस्कार-2025' के तहत देश में तीसरा स्थान हासिल किया है और 1.50 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार जीता है। उन्होंने कहा कि कुप्पम ने यह साबित कर दिया है कि जब विकास के साथ समर्पण जुड़ जाता है, तो परिणाम कितने सुखद होते हैं।

मुख्यमंत्री ने इस सफलता के लिए जिम्मेदार प्रत्येक व्यक्ति को बधाई दी और कुप्पम के लोगों का आभार व्यक्त किया, जो सरकारी प्रयासों में पूर्ण सहयोग दे रहे हैं। उन्होंने आह्वान किया कि इसी उत्साह के साथ काम जारी रखा जाए ताकि कुप्पम निर्वाचन क्षेत्र को पूरे देश के लिए एक आदर्श के रूप में स्थापित किया जा सके।

उल्लेखनीय है कि पंचायती राज मंत्रालय ने गुरुवार को 'राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2025' के विजेताओं की घोषणा की है, जिसमें देश भर की कुल 42 पंचायतों का चयन किया गया है। इन पुरस्कारों का वितरण समारोह 03 जून 2026 को नयी दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।

मंत्रालय के अनुसार, इन पुरस्कारों में कर्नाटक ने सर्वाधिक छह पुरस्कार हासिल किए हैं, जबकि आंध्र प्रदेश और ओडिशा ने पांच-पांच पुरस्कार जीतकर अपनी सक्रियता दर्ज कराई है। यह पुरस्कार दो मुख्य श्रेणियों-'दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार' और 'नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास पुरस्कार' के तहत दिए जा रहे हैं।

विजेता पंचायतों को उनके स्तर और श्रेणी के आधार पर 50 लाख रुपये से लेकर पांच करोड़ रुपये तक की वित्तीय प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। 'नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास पुरस्कार' श्रेणी के तहत त्रिपुरा के सिपाहीजाला को सर्वश्रेष्ठ जिला पंचायत (प्रथम रैंक) चुना गया है, जिसे पांच करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। वहीं, ओडिशा के गंजम को दूसरा और तमिलनाडु के कोयंबटूर को तीसरा स्थान मिला है।

इसी श्रेणी में केरल के हरिपाद (अलाप्पुझा) को सर्वश्रेष्ठ ब्लॉक पंचायत और आंध्र प्रदेश के कुप्पम (चित्तूर) को तीसरा स्थान मिला है, जिसे 1.50 करोड़ रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत का पहला पुरस्कार असम की न्यू नपम पंचायत को मिला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित