विजयवाड़ा , जून 02 -- आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू ने चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से पहले जागरूकता एवं सतर्कता बढ़ाने का आह्वान किया है और मतदाता पंजीकरण एवं सत्यापन को एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी बताया है।

श्री नायडु ने मंगलवार को तेदेपा केंद्रीय कार्यालय में एसआईआर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को हर स्तर पर यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल हो। इस कार्यशाला में सांसद, विधायक, एमएलसी, क्षेत्रीय समन्वयक, पार्टी पर्यवेक्षक और बूथ स्तरीय एजेंट (बीएलए) भी शामिल हुए।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा समय-समय पर की जाने वाली एसआईआर प्रक्रिया की पूरे आंध्र प्रदेश में बारीकी से निगरानी की जाएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे बार-बार फील्ड विजिट के माध्यम से मतदाता रिकॉर्ड का सत्यापन करें और बूथ स्तरीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करके संशोधन प्रक्रिया पूरी होने से पहले सटीक मतदाता मानचित्रण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा, "मतदाता सूची हर चुनावी रणनीति की नींव होती हैं। हर वोट का हिसाब-किताब होना चाहिए और हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए।" उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि तेदेपा राज्य स्तर से लेकर जमीनी स्तर तक इस प्रक्रिया की नियमित समीक्षा करेगी।

श्री नायडू ने दोहराया कि तेदेपा एसआईआर प्रक्रिया के दौरान अपने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सहयोगियों, जन सेना और भाजपा के साथ मिलकर काम करेगी। उन्होंने घोषणा किया कि मतदाता सूची संबंधी गतिविधियों की निगरानी और जमीनी स्तर पर सहयोग को मजबूत करने के लिए तीनों पार्टियों को शामिल करते हुए एक समन्वय तंत्र जल्द ही स्थापित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वह 25 जून से एक व्यापक राज्यव्यापी जनसंपर्क कार्यक्रम शुरू करेंगे जिस दौरान पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता केंद्र और राज्य दोनों जगहों की राजग सरकारों की उपलब्धियों को बताने के लिए 45 दिनों का घर-घर अभियान चलाएंगे।

श्री नायडू ने कहा कि इस अभियान में साइकिल आधारित जनसंपर्क प्रमुखता से शामिल होगा और वह स्वयं भी इसमें भाग लेंगे। वे पिछले दो वर्षों में गठबंधन सरकार की प्रमुख उपलब्धियों पर प्रकाश डालेंगे जिनमें कल्याणकारी योजनाओं का वितरण, अवसंरचना विकास, प्रमुख परियोजनाओं का जीर्णोद्धार, निवेश जुटाना, शासन सुधार एवं रोजगार सृजन शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने निर्वाचित प्रतिनिधियों को जनता से घनिष्ठता से जुड़े रहने का आह्वान किया और नेताओं से विकास, सुशासन, ईमानदारी एवं जनविश्वास पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया। उन्होंने जोर दिया कि चुनावी सफलता को बनाए रखने और भविष्य की राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने के लिए सशक्त नेतृत्व, जमीनी स्तर पर भागीदारी एवं संगठनात्मक अनुशासन आवश्यक है।

श्री नायडू ने पार्टी कार्यकर्ताओं से पूरे राज्य में मतदाता पंजीकरण प्रयासों एवं जनसंपर्क गतिविधियों दोनों में सतर्क, संगठित एवं सक्रिय रहने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित