हैदराबाद , अप्रैल 20 -- आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू का 76वां जन्मदिन सोमवार को हैदराबाद के एनटीआर भवन में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया।
इस खास मौके पर आयोजन स्थल पर श्री नायडू का 76 फुट ऊंचा कटआउट लगाया गया था और ड्रोन के जरिए उन पर फूलों की बारिश की गई। जश्न के दौरान 76 किलोग्राम का केक भी काटा गया। पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भारी संख्या में जुटकर गुब्बारे उड़ाए और अपने नेता को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
इससे पहले, टीडीपी नेताओं ने जुबली हिल्स स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की और वहां से एनटीआर भवन तक रैली निकाली। वरिष्ठ नेताओं ने श्री नायडू के राजनीतिक योगदान की चर्चा करते हुए कहा कि हैदराबाद को एक बड़ा आर्थिक केंद्र बनाने और आईटी व बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) के विकास में उनकी अहम भूमिका रही है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने श्री नायडू के लंबे राजनीतिक करियर और शिक्षा व समाज कल्याण से जुड़ी उनकी योजनाओं की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनका नेतृत्व आगे भी पार्टी और जनता का मार्गदर्शन करता रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित