मुंबई , जुलाई 22 -- महाराष्ट्र प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने नीट परीक्षा विवाद को लेकर नयी दिल्ली में विपक्ष के धरना प्रदर्शनों पर तीखा हमला बोला और उन्होंने विपक्ष पर सस्ते राजनीतिक फायदे के लिए छात्रों के मुद्दों का इस्तेमाल करने तथा संसद की कार्यवाही रोकने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

वरिष्ठ भाजपा नेता एवं राज्य के मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने नयी दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शनों को दुनिया भर में भारत की छवि को खराब करने की सोची-समझी कोशिश बताया।उन्होंने दावा किया कि नीट विवाद अब पूरी तरह से अपने तार्किक अंत तक पहुंच चुका है।

श्री पाटिल ने कहा, "शुरुआती लीक के बाद नीट परीक्षा दोबारा सफलतापूर्वक आयोजित की गयी, नतीजे घोषित कर दिये गये हैं और दाखिले की प्रक्रिया पहले से ही चल रही है। राजनीतिक फायदे के लिए इस मुद्दे को जिंदा रखना पूरी तरह से गलत है। जंतर-मंतर पर इन प्रदर्शनों के पीछे मुख्य मकसद संसद के चल रहे सत्र को बाधित करना और जरूरी विधायी कामकाज को रोकना है।"इस संकट से निपटने के सरकार के तरीके का बचाव करते हुए श्री पाटिल ने कहा कि पेपर लीक से जुड़े गिरफ्तार किये गये सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि जब कानूनी कार्रवाई जारी है, ऐसे में पूरा दोष प्रशासन पर मढ़ना एक छिपे हुये मकसद को पूरा करता है। जैसे ही केंद्र के वरिष्ठ नेता संसद के पटल पर औपचारिक जवाब देंगे, पूरा सच और विपक्ष की असली नीयत पूरी तरह से बेनकाब हो जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित