चंदौली , सितम्बर 30 -- ऑपरेशन दहन के तहत चंदौली पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ आज बड़ी कार्रवाई की। न्यायालय के आदेश पर जिले के विभिन्न थानों में दर्ज 11 मुकदमों से संबंधित बरामद 530.810 किलोग्राम गांजा और 0.320 ग्राम हेरोइन को नष्ट कराया गया। पुलिस के मुताबिक विनष्टीकरण किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ तीन लाख रुपये है।

मादक पदार्थों के विनष्टीकरण की कार्रवाई थाना मुगलसराय क्षेत्र की औद्योगिक नगर चौकी स्थित गणेश प्लाई फैक्ट्री के इंसीनेरेटर (भट्ठी) में की गई। इस दौरान पर्यावरणीय मानकों का भी ध्यान रखा गया। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन दहन के तहत न्यायालय के आदेश के क्रम में की गई। विभिन्न मामलों में बरामद मादक पदार्थों को नियमानुसार नष्ट किया गया।

विनष्टीकरण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सतीश चंद्र शुक्ला, क्षेत्राधिकारी लाइन/सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा, प्रभारी निरीक्षक डीसीआरबी और विधिक कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित