चन्दौली , नवंबर 02 -- चंदौली जिले में सैयदराजा थाना क्षेत्र के कस्बे में लाई-चूड़ा की दुकान की आड़ में अवैध रूप से संचालित पटाखों के गोदाम में छापेमारी करते हुये पुलिस ने 525 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किये है।
पटाखे मकान की तीसरी मंजिल पर 39 बोरियों और गत्तों में भरकर रखे गए थे। घनी आबादी के बीच बिना लाइसेंस इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री का भंडारण किया जा रहा था, जिससे किसी बड़े हादसे का खतरा बना हुआ था।
पुलिस के अनुसार, एक नवंबर की रात करीब नौ बजे आरक्षी राजू सिंह को यक्ष ऐप पर बीट सूचना मिली कि सैयदराजा कस्बे के वार्ड नंबर एक अम्बेडकरनगर में रामजानकी मंदिर के सामने स्थित लाई-चूड़ा की दुकान में भारी मात्रा में पटाखे रखे गए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी सदर को अवगत कराया गया। इसके बाद थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान और मकान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान मकान की तीसरी मंजिल पर बोरियों और गत्तों में छिपाकर रखे गए पटाखे बरामद हुए। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल कराने पर इनका कुल वजन 525 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने बरामदगी की वीडियोग्राफी भी कराई। मौके से मनोज कुमार पुत्र मोहन साव निवासी वार्ड नंबर एक, सैयदराजा को गिरफ्तार किया गया।
बरामद पटाखों में चटाई बम, हवाई बम, माचिस बम, चकरी, फुलझड़ी, रॉकेट बम, डायनामाइट बम, चुटपुटिया और विभिन्न प्रकार के अन्य पटाखे शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 288 बीएनएस और 9बी विस्फोटक अधिनियम, 1884 में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित