चंदौली , सितम्बर 29 -- चंदौली जिले में नमो घाट पर 22, 23 और 25 अक्तूबर को प्रस्तावित एयर शो को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

मंगलवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने दर्शकों की सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित विभागों को समय से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने एयर शो के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन लागू करने की तैयारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यक्रम स्थल और आसपास के मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने को कहा गया।

डीएम और एसपी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को पहले से ही दुरुस्त किया जाए।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रतन वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी पीडीडीयू नगर, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित