चंदौली , अक्टूबर 22 -- उत्तर प्रदेश की चंदौली पुलिस ने लकड़ी के बुरादे की बोरियों की आड़ में ट्रक भरकर ले जाई जा रही करीब दो करोड़ रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब का पर्दाफाश किया है।
बलुआ पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान बलुआ पुलिस और स्वाट-सर्विलांस टीम ने ट्रक से 1200 पेटी शराब बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। शराब हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही थी। पुलिस से बचने के लिए तस्करों ने शराब के ऊपर लकड़ी के बुरादे से भरी बोरियां रखी थीं।
पुलिस के अनुसार, वाराणसी से बिहार जाने वाले मार्ग पर गंगा नदी के बलुआ पुल के पास चेकिंग के दौरान चंदौली की ओर से आ रहे संदिग्ध ट्रक को रोका गया। ट्रक से उतरकर भागने का प्रयास कर रहे दो लोगों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी में लकड़ी के बुरादे की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 1200 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसकी कुल मात्रा 11,408.76 लीटर बताई गई है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमाचल प्रदेश निवासी लताश (34) और पंजाब के मोहाली जिले के निवासी वीरेंद्र (35) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे चंडीगढ़ के पास एक अज्ञात व्यक्ति से शराब लदा ट्रक लेकर बिहार जा रहे थे। वहां शराब ऊंचे दाम पर बेचने के बदले उन्हें एक लाख रुपये मिलने थे। रास्ते में पुलिस की नजर से बचने के लिए ट्रक में लकड़ी के बुरादे की बोरियां रखी गई थीं।
पुलिस ने शराब के साथ अशोक लीलैंड ट्रक, एक मोबाइल फोन और 3700 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में बलुआ थाने में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस शराब की आपूर्ति करने वाले व्यक्ति और तस्करी के नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित