चंदौली , सितम्बर 29 -- गोवध और पशु क्रूरता के मामले में फरार चल रहे आरोपी को चंदौली पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को चंदौली कस्बे में एक चाय की दुकान के पास से दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दरोगा कुमार (24) पुत्र गिरिजाराम, निवासी दयालपुर सदलपुरा, थाना अलीनगर, चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से ही गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत चार मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक दो अगस्त की रात करीब 12:30 बजे नसीरपुर चट्टी के पास पिकअप और ट्रैक्टर में टक्कर हो गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप की जांच की तो उसमें आठ गोवंश क्रूरतापूर्वक बंधे मिले। पुलिस के अनुसार गोवंश को तस्करी के लिए बिहार ले जाया जा रहा था। मामले में थाना चंदौली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर दरोगा कुमार की संलिप्तता सामने आने का दावा किया। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। मंगलवार 29 सितंबर की सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस टीम ने चंदौली कस्बे में चाय की दुकान के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ चंदौली और जौनपुर जनपद में पहले से चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम के साथ गैंगस्टर, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित