चंदौली , अगस्त 25 -- उत्तर प्रदेश के चंदौली में अलीनगर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गोवध के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पचफेड़वा रिंग रोड के पास गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदमाश अनिल कुमार यादव (31) अलीनगर थाने में दर्ज एक मामले में वांछित था। उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक, अनिल कुमार यादव के खिलाफ अलीनगर थाने में वर्ष 2017 में भी गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार सिंह और हेड कांस्टेबल चंदन कुमार शामिल रहे। कार्रवाई में एसओजी/स्वाट प्रभारी निरीक्षक राम जनम यादव, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा समेत स्वाट और सर्विलांस टीम के अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित