देवास , अक्टूबर 26 -- मध्यप्रदेश में देवास जिले के चंदाना और बिंजाना गांव में हुई मौतों के बाद विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोमवार को गांव पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।

श्री सिंघार ने कथित जहरीली शराब से मौतों के मामले में राज्य सरकार और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव में कई वर्षों से अवैध शराब का कारोबार चल रहा है और आबकारी विभाग की मिलीभगत के बिना ऐसा संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि सागर के बाद अब देवास में भी इस तरह की घटना सामने आई है।

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनकी मुख्यमंत्री से फोन पर बातचीत हुई है और उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है। मामले में मौतों के कारणों और अवैध शराब के कारोबार से जुड़े आरोपों की जांच की मांग भी उठाई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित