महासमुंद , मार्च 06 -- छत्तीसगढ़ में महासमुंद जिले के बागबाहरा क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध चंडी माता मंदिर परिसर में कुछ उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया। नशे की हालत में पहुंचे तीन से चार युवकों ने मंदिर परिसर में दहशत फैलाते हुए मंदिर के पुजारी और सेवादारों के साथ मारपीट की। घटना के बाद मंदिर परिसर में मौजूद भक्तों और स्टाफ में भय का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम के समय आरोपी युवक मंदिर परिसर में पहुंचे और चाकू लहराते हुए लोगों को डराने लगे। इस दौरान उन्होंने मंदिर के पुजारी और सेवादारों के साथ मारपीट भी की। पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सामने आया है।
घटना के बाद उपद्रवी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
गौरतलब है कि बागबाहरा क्षेत्र में स्थित चंडी पहाड़ी का चंडी माता मंदिर अपनी एक विशेष पहचान रखता है। यहां प्रतिदिन भालुओं के मंदिर परिसर तक आने की वजह से यह मंदिर क्षेत्र में काफी प्रसिद्ध है और यहां श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रहती है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित