चंडीगढ़ , जुलाई 24 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के वार्ड नंबर-24 के अंतर्गत आने वाली सेक्टर-42 सी मार्केट में नयी सीवरेज पाइपलाइन बिछाने के कार्य का शुभारंभ पार्षद एवं पूर्व वरिष्ठ उपमहापौर जसबीर सिंह बंटी के प्रयासों से किया गया।

इस परियोजना के पूरा होने के बाद मार्केट के दुकानदारों को सीवरेज कनेक्शन लेने में आ रही वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिलेगी।

कार्य का शुभारंभ सनातन धर्म मंदिर के शिव कुमार नागपाल, मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान अजय अरोड़ा, आरसीडब्ल्यूए के राजकुमार शर्मा, सज्जन बंसल, अमित मित्तल और नीलम वढेरा ने नारियल फोड़कर किया। इस मौके पर जसबीर सिंह बंटी ने कहा कि मार्केट में पहले से पेयजल पाइपलाइन उपलब्ध थी, लेकिन सीवरेज लाइन नहीं होने के कारण विशेषकर रेस्टोरेंट और खाद्य व्यवसाय से जुड़े दुकानदारों को काफी परेशानी होती थी। नयी पाइपलाइन से अब सभी पात्र दुकानदार आसानी से सीवरेज और पानी का कनेक्शन ले सकेंगे।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना से व्यापार संचालन आसान होगा और मार्केट में स्वच्छता व्यवस्था भी बेहतर बनेगी। एसडीओ यशपाल गुप्ता ने बताया कि सीवरेज पाइपलाइन का कार्य अगले 15 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद मौसम अनुकूल होने पर इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य भी किया जाएगा।

कार्यक्रम में पवन कुमार सिंगला, गौरव शर्मा, मुकेश सोनी, तिलक राज सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, दुकानदार और स्थानीय निवासी मौजूद रहे। मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान अजय अरोड़ा ने इस विकास कार्य के लिए पार्षद जसबीर सिंह बंटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे दुकानदारों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित