चंडीगढ़ , अगस्त 18 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के सेक्टर-36 डी स्थित बूथ मार्केट में पुराने सार्वजनिक शौचालय के नवीनीकरण कार्य का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद एवं पूर्व वरिष्ठ उप महापौर जसबीर सिंह बंटी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

श्री बंटी ने बताया कि सेक्टर-36 डी बूथ मार्केट के दोनों पुराने सार्वजनिक शौचालयों को चरणबद्ध तरीके से तोड़कर उनका पूर्ण नवीनीकरण किया जाएगा। नये शौचालय आधुनिक तकनीक और नये मास्टर प्लान के अनुरूप बनाये जाएंगे। इनमें पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालयों के अलावा ट्रांसजेंडर एवं दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने बताया कि दोनों शौचालयों के नवीनीकरण पर करीब 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। काम चरणबद्ध तरीके से होगा। पहले एक शौचालय का निर्माण पूरा किया जाएगा और इसके बाद दूसरे का काम शुरू होगा, ताकि मार्केट में आने वाले लोगों को शौचालय सुविधा में परेशानी न हो।

श्री बंटी ने कहा कि बूथ मार्केट में शहर के अलावा ट्राईसिटी से भी बड़ी संख्या में लोग आते हैं। यहां रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान होने के कारण रोजाना काफी आवाजाही रहती है। ऐसे में आधुनिक और स्वच्छ सार्वजनिक शौचालय लोगों के लिए बड़ी सुविधा साबित होंगे।मार्केट प्रतिनिधियों ने बताया कि पुराने शौचालयों की खराब स्थिति और बरसात के दौरान पानी जमा होने की शिकायतें लंबे समय से आ रही थीं। नये निर्माण से इन समस्याओं का समाधान होने के साथ मार्केट के सौंदर्यीकरण में भी सुधार होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित