चंडीगढ़ , मई 20 -- चंडीगढ़ सोशल वेलफेयर डिपार्टमेंट की ओर से सेक्टर-18 स्थित थिएटर में शुक्रवार को 'मन का संवाद' कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस दौरान बच्चों ने प्रशासक से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाना और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करना था। बच्चों ने बेझिझक होकर प्रशासक से सवाल पूछे और अपने मन की बात रखी।

श्री कटारिया ने कहा कि 'मन का संवाद' जैसे कार्यक्रम स्कूलों में नियमित होने चाहिए। इससे बच्चों की जिज्ञासा कम होगी और उन्हें संवाद करने की कला भी सीखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि जब बच्चे खुलकर अपनी बात रखते हैं तो उनमें आत्मविश्वास आता है और व्यक्तित्व विकास होता है।

कार्यक्रम में सोशल वेलफेयर विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और शिक्षक मौजूद रहे। बच्चों ने प्रशासक के साथ अपने अनुभव साझा किए और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित