चंडीगढ़ , सितंबर 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सेक्टर-30 स्थित भारती भवन में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया।

शिविर में चंडीगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मार्गदर्शक संजय टंडन ने भी शिविर में पहुंचकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।

शिविर के आयोजक एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नरेश अरोड़ा ने बताया कि इसका उद्देश्य सेक्टर-20 और सेक्टर-30 के निवासियों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना था। शिविर में करीब 200 स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जनरल मेडिसिन, ऑर्थोपेडिक्स, यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और पल्मोनोलॉजी से संबंधित परामर्श दिया। इसके अलावा बीपी, आरबीएस, बीएमआई, ईसीजी, पीएफटी, यूरोफ्लोमेट्री और बीएमडी जैसी निशुल्क जांच सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रवि रावत, जिला सचिव मीनाक्षी सिंह सहित मंडल नंबर 18 की पूरी टीम मौजूद रही। नरेश अरोड़ा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय निवासियों ने शिविर की सराहना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित