चंडीगढ़ , जून 13 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ और पंजाब में शनिवार को कई जिलों में बादल छाने और बारिश होने से मौसम का मिजाज बदल गया। जालंधर में तेज बारिश दर्ज की गयी, जबकि पठानकोट में सुबह से घने बादल छाये रहने के कारण अंधेरे जैसी स्थिति रही।

पिछले दो दिनों से हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकतम तापमान में 5.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी है, जिससे तापमान सामान्य से 6.2 डिग्री नीचे पहुंच गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने 13 जून को पंजाब के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार जताये हैं। साथ ही कई जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गयी है। राज्य का सबसे अधिक तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस फरीदकोट में दर्ज किया गया।

तेज आंधी और बारिश से बिजली आपूर्ति से जुड़ी अवसरंचनाओं को भी भारी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार 850 से अधिक बिजली के खंभे उखड़ गये और 129 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गये, जिससे कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। पावरकॉम को 2.6 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।

मौसम की मार के कारण अब तक राज्य में तीन लोगों की जान जा चुकी है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित