चंडीगढ़ , अगस्त 06 -- चंडीगढ़ मे पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से सेक्टर-35 की ग्रीन बेल्ट में आरडब्ल्यूए की ओर से गुरुवार को भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र की पार्षद प्रेमलता ने औषधीय गुणों से भरपूर नीम का पौधा लगाकर किया। उनके आह्वान पर बड़ी संख्या में सेक्टरवासियों ने भी पौधारोपण कर अभियान में भागीदारी निभाई।

इस अवसर पर पार्षद प्रेमलता ने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और आने वाले दिनों में सेक्टर के विभिन्न पार्कों में भी नियमित रूप से पौधारोपण किया जाएगा।

कार्यक्रम में आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधि सेवा सिंह, एच.एस. टुंग, गुरसेवक सिंह, गुरदेव सिंह, अनीता, पूनम सहित क्षेत्र के अनेक निवासी उपस्थित रहे। सभी ने अपने हाथों से पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में सेक्टरवासियों ने इस पहल के लिए पार्षद प्रेमलता का आभार व्यक्त करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय कदम बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित