चंडीगढ़ , जुलाई 12 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ शहर के सेक्टर-26 स्थित एक डिस्को क्लब के बाहर शनिवार शाम तेज रफ्तार मर्सिडीज कार की टक्कर से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घायलों का इलाज जीएमसीएच-32 में चल रहा है।
पुलिस ने रविवार यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, बाबूधाम कॉलोनी, सेक्टर-26 निवासी अमनजीत और सेक्टर-44 निवासी अलांस प्रीत कल शाम सेक्टर-26 स्थित एक डिस्को क्लब गए थे। क्लब से बाहर निकलते ही तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही सेक्टर-26 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित