चंडीगढ़ , मई 14 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित डिफेले क्लब में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गयी, जिससे क्लब में भगदड़ जैसी स्थिति बन गयी।
हादसे के समय क्लब के अंदर ग्राहक खाना खा रहे थे और स्टाफ भी मौजूद था। आग लगते ही सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
फायर ब्रिगेड कर्मचारियों और पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद क्लब में मौजूद लोगों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार आग क्लब की पहली मंजिल पर लगी थी। शुरुआत में कुछ दमकल गाड़ियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। हालात को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाने पड़े। मौके पर करीब 12 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं और लंबे समय तक आग बुझाने का अभियान चलता रहा।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर क्लब के आसपास का इलाका सील कर दिया। पुलिस ने लोगों की आवाजाही रोक दी और आसपास के क्षेत्र को खाली करवाया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। फायर विभाग और पुलिस की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान और हादसे के कारणों का सही आकलन किया जा सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित