चंडीगढ़ , अक्टूबर 26 -- चंडीगढ़ के सेक्टर-24 स्थित महर्षि वाल्मीकि शक्तिपीठ में भगवान वाल्मीकि जी का प्रकटोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान वाल्मीकि जी के चरणों में शीश नवाया और सुख-समृद्धि की कामना की। प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर के बाहर भव्य मेले का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

प्रकटोत्सव के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। सेक्टर-24 की सड़क पर लगे मेले में खरीदारी के लिए विभिन्न स्टॉल सजाए गए थे। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले भी लगाए गए, जिनका उन्होंने खूब आनंद लिया। मेले में परिवारों और स्थानीय लोगों की काफी भीड़ देखने को मिली।

इस अवसर पर मंदिर के गुरुजी बाबा नवीन सरहदी ने श्रद्धालुओं को महर्षि वाल्मीकि जी के जीवन, उनके योगदान और रामायण में दी गई शिक्षाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने भगवान वाल्मीकि जी की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन भी किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित