चंडीगढ़ , अक्टूबर 18 -- चंडीगढ़ में युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चंडीगढ़ पुलिस की ओर से रविवार को सेक्टर-43 में एंटी-ड्रग क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया।
राज्यपाल के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में सेक्टर-42, सेक्टर-36, सेक्टर-52, रामदरबार और सेक्टर-56 की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम रामदरबार ने खिताब अपने नाम किया।
टूर्नामेंट का आयोजन सेक्टर-36 के एसएचओ चिरंजी लाल और उनकी टीम की ओर से किया गया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।
पुलिस की इस पहल के माध्यम से युवाओं को संदेश दिया गया कि वे अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों में करें। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत और टीम भावना विकसित होती है, जो युवाओं के बेहतर भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस तरह के आयोजन पुलिस और युवाओं के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के साथ समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने में भी सहायक हैं। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने दोस्तों को भी स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित